मादक पदार्थों पर मध्यप्रदेश पुलिस का कड़ा प्रहार: बड़वानी के जंगलों में ड्रोन से तलाशी, 27 क्विंटल गांजे के साथ 5 अवैध खेत पकड़े

मादक पदार्थों पर मध्यप्रदेश पुलिस का कड़ा प्रहार: बड़वानी के जंगलों में ड्रोन से तलाशी, 27 क्विंटल गांजे के साथ 5 अवैध खेत पकड़े

प्रदेश में अवैध मादक द्रव्यों की रोकथाम के लिए जारी मुहिम के तहत बड़वानी के वनांचल में चलाए गए ‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ के दौरान पुलिस ने गांजे की अवैध खेती का बड़ा भंडाफोड़ किया है। पुलिस बल ने दुर्गम पहाड़ियों में अवैध रूप से उगाए गए 26 हजार से अधिक गांजे के पौधों को जब्त किया है, जिनका कुल वजन 27 क्विंटल से ज्यादा और अनुमानित बाजार मूल्य 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक आंका गया है।

इस अंतर-जिला अभियान की योजना आईजी (ग्रामीण जोन इंदौर), डीआईजी (निमाड़ रेंज खरगोन) और एसपी बड़वानी के मार्गदर्शन में तैयार की गई थी। इसके क्रियान्वयन का दायित्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी सेंधवा को सौंपा गया, जिनके नेतृत्व में बड़वानी, खंडवा एवं खरगोन जिलों के 400 से अधिक जवानों की 12 अलग-अलग टीमों ने मोर्चा संभाला।

वरला थाना क्षेत्र की भौगोलिक विषमताओं को देखते हुए पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ियों में संदिग्ध गतिविधियों को पकड़ने के लिए ड्रोन से हवाई निगरानी की गई, जिसके समानांतर पुलिस दल पैदल गश्त करते हुए 19 गांवों के जंगलों में दाखिल हुए। इस संयुक्त प्रयास से ग्राम डोकलियापानी, धवलियागीर, बागदरी, टाकियापानी तथा आड़नदी के बीहड़ों में अवैध रूप से की जा रही गांजे की खेती के 5 ठिकानों की पहचान कर उन्हें नष्ट किया गया।

कार्रवाई के दौरान चिन्हित किए गए पांचों खेत वन विभाग की जमीन पर पाए गए हैं। पुलिस अब वन विभाग के रिकॉर्ड के आधार पर उक्त भूखंडों से जुड़े पट्टेदारों और अनाधिकृत कब्जाधारियों की प्रामाणिक जानकारी जुटा रही है, जिसके आधार पर संबंधित लोगों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा सीमावर्ती और दुर्गम वन क्षेत्रों में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों के पूरे तंत्र को निष्प्रभावी करने के लिए आधुनिक निगरानी उपकरणों और अंतर-जिला पुलिस समन्वय के माध्यम से लगातार ऐसी सख्त कार्रवाइयां अमल में लाई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *