पद्मश्री सत्येंद्र सिंह लोहिया तीसरी बार पार करेंगे इंग्लिश चैनल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से की मुलाकात

पद्मश्री सत्येंद्र सिंह लोहिया तीसरी बार पार करेंगे इंग्लिश चैनल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से की मुलाकात

अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग तैराक और पद्मश्री से सम्मानित श्री सत्येंद्र सिंह लोहिया ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित मुख्यमंत्री निवास में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस बैठक के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को इंग्लिश चैनल को तीसरी बार पार करने के अपने आगामी अभियान की रूपरेखा और तैयारियों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री लोहिया के इस साहसिक प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

तय कार्यक्रम के अनुसार, श्री लोहिया अपनी टीम के साथ 19 सितंबर 2026 को नई दिल्ली से लंदन के लिए रवाना होंगे। लंदन पहुंचने के पश्चात उनकी टीम 24 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 के बीच मौसम तथा समुद्री परिस्थितियों के अनुकूल होने पर इंग्लिश चैनल को पार करने का अभियान शुरू करेगी। यह मिशन पूरा कर पूरा दल 6 अक्टूबर को भारत लौटेगा।

इस महत्वपूर्ण अभियान में हिस्सा ले रही मध्यप्रदेश की टीम में ग्वालियर के श्री रामबरन पाल और भिंड के श्री गजेंद्र सिंह तैराक सदस्य के रूप में शामिल हैं। वहीं, टीम को तकनीकी और रणनीतिक मार्गदर्शन देने के लिए श्योपुर के श्री मुजीब खान कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर लगभग 40 पदक जीत चुके श्री लोहिया को खेल जगत में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए वर्ष 2024 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री सम्मान प्रदान किया गया था, जबकि मध्यप्रदेश सरकार उन्हें पूर्व में प्रतिष्ठित विक्रम पुरस्कार से भी नवाज चुकी है। हाल ही में 12 फरवरी 2026 को उन्होंने न्यूजीलैंड के उत्तरी और दक्षिणी द्वीप को विभाजित करने वाले दुर्गम कुक स्ट्रेट को 9 घंटे 22 मिनट में सफलतापूर्वक पार कर वैश्विक स्तर पर एक और कीर्तिमान स्थापित किया था।

मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान श्री लोहिया ने कहा कि यह अभियान पूरे देश और प्रदेश के आत्मसम्मान और गौरव से जुड़ा हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका प्राथमिक ध्येय अंतर्राष्ट्रीय पटल पर तिरंगा लहराने के साथ-साथ देश की युवा पीढ़ी और दिव्यांग खिलाड़ियों में अपने सपनों को साकार करने का अटूट विश्वास जगाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *