केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के गुना जिले के बरखेड़ा गिर्द गांव में आयोजित ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर’ के दौरान ‘नमो ड्रोन दीदी’ किरण के साथ ड्रोन उड़ाया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीण महिलाओं की तकनीकी समझ और उनके बढ़ते आत्मविश्वास की सराहना की।
शिविर में नमो ड्रोन दीदी किरण ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष ड्रोन संचालन की पूरी प्रक्रिया प्रदर्शित की और उन्हें भी ड्रोन नियंत्रित करने का अवसर दिया। सिंधिया ने किरण के तकनीकी कौशल, कार्यशैली और आत्मविश्वास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं अब आधुनिक तकनीकों को तेजी से अपना रही हैं, जिससे खेती-किसानी और ग्रामीण विकास में नई संभावनाओं के द्वार खुल रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांवों तक उन्नत तकनीकों का प्रसार करने और महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना इसी दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से महिलाएं कृषि क्षेत्र में ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीक का प्रभावी ढंग से उपयोग कर रही हैं।
सिंधिया ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अगुवाई में मध्य प्रदेश सरकार भी महिला सशक्तिकरण, तकनीकी विस्तार और ग्रामीण उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। नमो ड्रोन दीदियां आज आत्मनिर्भरता, नवाचार और नारी सशक्तिकरण की एक सशक्त मिसाल पेश कर रही हैं। उन्होंने किरण के आत्मविश्वास को रेखांकित करते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाओं का तकनीक के साथ यह सहज तालमेल बदलते भारत की एक सकारात्मक और प्रगतिशील तस्वीर प्रस्तुत करता है।