आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने एशियन गेम्स स्वागत समारोह में ओसीए अध्यक्ष और प्रतिनिधियों से की चर्चा

आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने एशियन गेम्स स्वागत समारोह में ओसीए अध्यक्ष और प्रतिनिधियों से की चर्चा

भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने जापान के आइची-नागोया में एशियन गेम्स के उपलक्ष्य में आयोजित स्वागत समारोह में शिरकत करते हुए ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के अध्यक्ष शेख जोआन बिन हमद अल थानी और खेल बिरादरी के अन्य प्रमुख पदाधिकारियों से मुलाकात की। पालोमा मिजुहो स्टेडियम में शनिवार को होने वाले उद्घाटन समारोह से पूर्व इस आधिकारिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहां पूरे महाद्वीप के खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस संवाद की तस्वीरें साझा करते हुए पीटी उषा ने उल्लेख किया कि स्वागत समारोह में ओसीए अध्यक्ष और अन्य सदस्यों से भेंट बेहद सुखद रही। उन्होंने जोर दिया कि यह साझा मंच पूरे एशिया में खेल ढांचे और उसके विस्तार को नई दिशा देने के लिए मिलकर कार्य कर रहा है।

प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ से पहले शेख जोआन बिन हमद अल थानी ने नागोया में 110वीं ओसीए एग्जीक्यूटिव बोर्ड बैठक का संचालन भी किया। इस बैठक के दौरान भविष्य के प्रमुख आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इनमें रियाद एशियन इंडोर व मार्शल आर्ट्स गेम्स 2026, सेबू एशियन बीच गेम्स 2028 और अल्माटी एशियन विंटर गेम्स 2029 की प्रशासनिक व रणनीतिक योजनाएं शामिल रहीं।

खेल के मोर्चे पर आधिकारिक सेरेमनी से पहले ही भारतीय दल ने अपनी सक्रियता दर्ज करा दी है। टेकबॉल महिला एकल सेमीफाइनल में क्विम्सी जोआकिम डिसूजा को पराजय का सामना करना पड़ा और अब वह ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलेंगी। वहीं, क्रिकेट में भारतीय महिला टीम ने जापान के विरुद्ध क्वार्टर फाइनल में एकतरफा जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उनका सामना बांग्लादेश की टीम से निर्धारित है।

भारतीय दल का मुख्य उद्देश्य 2026 के इन खेलों में अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन को और बेहतर बनाना है। उल्लेखनीय है कि भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ अभियान 2023 के हांगझोऊ एशियन गेम्स में रहा था, जिसमें देश ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पहली बार 100 से अधिक पदकों की संख्या पार कर कुल 107 पदक हासिल किए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *