देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 30,757 नए केस सामने आए हैं। इस दौरान 67,457 मरीज ठीक हुए, जबकि 541 लोगों की मौत हो गई। इधर, केंद्र सरकार ने देश में कोरोना के लगातार घटते मामलों को देखते हुए राज्यों से पाबंदियां कम या खत्म करने को कहा है। हालांकि, केंद्र ने कहा है कि पॉजिटिविटी रेट की समीक्षा करने के बाद ही पाबंदियों में ढील देने पर फैसला लिया जाए।सरकार की एक्सपर्ट कमेटी के अनुसार भारत में फरवरी के पहले हफ्ते में मिले कोरोना के कुल मामलों में से 95% ओमिक्रॉन के हैं। इससे माना जा रहा है कि भारत में डेल्टा के मुकाबले अब ओमिक्रॉन के मामले ही ज्यादा मिल रहे हैं, जिससे रिकवरी रेट में तेजी आई है।
कोरोना से मरने वालों की संख्या में फरवरी के दूसरे हफ्ते में तीन दिन की राहत मिली। अब इनमें एक बार फिर बढ़ोतरी देखी गई है। बुधवार को कोरोना से देश में 541 लोगों की मौत हुई। वहीं, कोरोना से अब तक 5.10 लाख लोगों की मौत हो चुकी है।
केरल में कोरोना के नए मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। राज्य में पिछले 24 घंटे में 12,223 केस सामने आए हैं। हालांकि, मौत की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। 15 फरवरी को राज्य में कोरोना से 304 मरीजों की मौत हो गई थी, जबकि यह संख्या 16 फरवरी को 143 पर आ गई। केरल में कोरोना से अब तक 63,019 लोगों की मौत हो गई है।
महाराष्ट्र में कोरोना से मौत की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। 14 फरवरी को महाराष्ट्र में 12 लोगों की कोरोना से मौत हो गई थी। वहीं यह आंकड़ा 16 फरवरी को बढ़कर 41 पर पहुंच चुका है। महाराष्ट्र में अब तक 143,492 लोग संक्रमण से जान गंवा चुके हैं। महाराष्ट्र में गुरुवार तक रिकवरी रेट 97.77 प्रतिशत और डेथ रेट 1.82 प्रतिशत दर्ज किया गया है।मध्य प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,388 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,30,261 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में प्रदेश में 3 लोगों की मौत संक्रमण से हुई है, जिसे मिलाकर राज्य में अब तक कुल 10,703 लोगों ने जान गंवाई है। राज्य के इंदौर में 144 और भोपाल में 283 नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं राज्य में नए केस में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 766 नए मरीजों की पुष्टि हुई और 5 संक्रमितों ने दम तोड़ा है। राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण दर आंशिक रूप से घटकर 1.37 फीसदी रह गई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, दिल्ली में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 18.53 लाख हो गए हैं जबकि 26,086 लोगों की जान जा चुकी है। दिल्ली में कोरोना से मरने वालों की संख्या में मामूली बढ़त दर्ज की गई है।
उत्तर प्रदेश में कोरोना की संख्या और मौत के मामले में राहत की खबर है। राज्य में लगातार तीसरे दिन नए केस और मौत की संख्या में कमी आई है। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 824 नए केस सामने आए हैं, जबकि 10 मरीजों की मौत हो गई है। उत्तर प्रदेश में कोरोना से अब तक 23,414 लोग दम तोड़ चुके हैं। यहां पर 20 लाख से अधिक कोरोना के केस मिल चुके हैं।