ब्राजील में बाढ़ और लैंडस्लाइड से भारी तबाही:

ब्राजील में बाढ़ और लैंडस्लाइड से भारी तबाही:

ब्राजील के रियो डी जनेरियो राज्य के पेट्रोपोलिस शहर में बाढ़ और लैंडस्लाइड ने भीषण तबाही मचा दी है। इसकी वजह से अब तक 94 लोगों की मौत हो चुकी है। रियो डी जनेरियो के गवर्नर क्लॉडियो कास्त्रो ने बताया कि रेस्क्यू का काम अभी भी जारी है, इस वजह से मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। इस आपदा में 54 घर तबाह हुए, जिससे 400 लोग बेघर हो गए। अब तक 21 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि 35 लोगों की तलाश अब भी जारी है।

गवर्नर कास्त्रो ने कहा- फिलहाल लैंडस्लाइड वाली जगह पर युद्ध जैसे हालात हैं। हादसा इतना भयंकर था कि कई कारें खंभों पर लटक गई, इलाके में कीचड़ और मलबे से दलदल बन गया है। इस हादसे के वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। ग्लोबो मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, कई इलाकों में घर मिट्टी के नीचे दब गए हैं, कुछ जगहों पर तो अभी तक फायर कर्मियों की टीम भी नहीं पहुंची है।

पेट्रोपोलिस के नागरिक ने बताया- हमने इस तबाही की कल्पना नहीं की थी। अधिकारियों ने सभी लोगों को इलाका खाली करने का आदेश दिया है। मंगलवार को पेट्रोपोलिस में सिर्फ 3 घंटे में 10 इंच से ज्यादा बारिश हुई, जबकि इतनी बारिश पिछले 30 दिन में हुई थी। स्टेट फायर फाइटर्स की टीम के 180 से ज्यादा मेंबर राहत कार्य में जुटे हुए हैं।

रूस दौरे पर पहुंचे ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो लगातार इस हादसे का अपडेट ले रहे हैं। उन्होंने अपने मंत्रियों को लोगों की मदद का जिम्मा सौंपा है। बोल्सोनारो ने सोशल मीडिया पर लिखा- मास्को से मुझे पेट्रोपोलिस हादसे के बारे में पता चला। मंत्रियों को पीड़ितों की मदद का जिम्मा सौंपा गया है। मैंने रियो के गवर्नर क्लॉडियो कास्त्रो से भी बात की हैं।

लैंडस्लाइड में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पेट्रोपोलिस में तीन दिनों के शोक की घोषणा की गई। गवर्नर कास्त्रो ने बताया- लैंडस्लाइड से मलबा बह कर सड़कों पर आ गया, जिसकी वजह से राहत कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस इलाके में 2011 की लैंडस्लाइड में भी 900 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *