छतरपुर: बागेश्वर धाम सरकार के सानिध्य में आयोजित सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना’ के तहत सरकार बेटियों के विवाह के लिए 51 हजार रुपए की सहायता प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य केवल विवाह कराना नहीं, बल्कि इन परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना भी है, जिसके लिए नव-विवाहित जोड़ों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने सनातन संस्कृति के संरक्षण पर चर्चा करते हुए कहा कि देवउठनी एकादशी, बसंत पंचमी और अक्षय तृतीया जैसी अबूझ मुहूर्त वाली तिथियों पर अधिक से अधिक सामूहिक विवाह आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छतरपुर को कैंसर अस्पताल की सौगात देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे देवस्थानों के पास चिकित्सा सुविधाओं का होना एक सकारात्मक बदलाव है।
स्थानीय विधायक अरविंद पटेरिया ने बताया कि पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री क्षेत्र की गरीब बेटियों के लिए पिता की भूमिका निभाते हुए उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य का जिम्मा उठा रहे हैं। यह संस्थान बुंदेलखंड के समग्र विकास का संकल्प लेकर कार्य कर रहा है।