मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से शुरू होगा माहव्यापी ‘सेवा-संकल्प अभियान’, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समत्व भवन में की तैयारियों की समीक्षा

मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से शुरू होगा माहव्यापी ‘सेवा-संकल्प अभियान’, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समत्व भवन में की तैयारियों की समीक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने तथा उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश सरकार आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राज्यभर में ‘सेवा-संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में वरिष्ठ मंत्रियों और आला अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक कर अभियान की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रज्ज्वलित विकास का प्रकाश देश के कोने-कोने में पहुंच रहा है और प्रदेशवासियों से अपील की कि वे 17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित करते हुए अपना आभार प्रकट करें।

अभियान का आगाज 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा, जिसके तहत शाम सात बजे उज्जैन स्थित श्री महाकाल महालोक सहित समूचे प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय वार्डों में एक साथ दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वयं उज्जैन से इस कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे, जिसमें सभी शासकीय योजनाओं के लाभार्थी परिवारों और संस्थाओं को जोड़ा जाएगा। इसी दिन सभी चिकित्सा महाविद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस पूरे आयोजन का राज्य प्रभारी नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को बनाया गया है।

अभियान के तहत 19 से 26 सितंबर तक जिलास्तर पर और 4 व 5 अक्टूबर को राज्यस्तर पर शासकीय व निजी शिक्षण संस्थानों में ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता कराई जाएगी। स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह इसके राज्य प्रभारी होंगे और विजेताओं को मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाणपत्र व पुरस्कार दिए जाएंगे। संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के प्रभार में 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन होगा। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के नेतृत्व में 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ आयोजित होगी, जिसमें आंगनवाड़ियों में बच्चों व माताओं को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, टीकाकरण और एनीमिया की जानकारी देने के साथ पठन व खेल सामग्री बांटी जाएगी।

नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के प्रभार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से हितग्राहियों के आभार संदेश जारी किए जाएंगे। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के प्रभार में 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘वडनगर (गुजरात)-वाराणसी सेवा यात्रा’ प्रदेश के सभी जिलों से गुजरेगी। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग के मार्गदर्शन में 7 अक्टूबर को हर विधानसभा क्षेत्र में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकलेगी और जिला विकास पुस्तिकाओं का वितरण होगा। इसके अतिरिक्त 9 और 10 अक्टूबर को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, झाबुआ, अलीराजपुर और जबलपुर में विशाल ‘ह्युमन रंगोली’ बनाई जाएगी, जिसका राज्यस्तरीय आयोजन जबलपुर में होगा और इसके प्रभारी अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान होंगे।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रभार में 2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम चलेगा। इसी अवधि में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के नेतृत्व में ‘सेवा सेतु अभियान’ और जनविश्वास अभियान संचालित होगा, जिसके तहत विकासखंड व नगर निकाय जोन स्तर पर शिविर लगाकर हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ सौंपे जाएंगे। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के प्रभार में 12 अक्टूबर को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ होगा, जिसमें स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स भाग लेंगे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के नेतृत्व में 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में ‘सुशासन सेवा संवाद’ का राष्ट्रीय आयोजन होगा, जिसमें प्रदेश के पंच-सरपंच सम्मिलित होंगे। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के प्रभार में प्रबुद्ध वर्ग को ’25 साल-25 कहानियां’ किट का वितरण और अन्य राज्यों के सोशल मीडिया प्रतिनिधियों के लिए ‘इन्फ्लूऐंसर एक्सचेंज’ कार्यक्रम होगा।

समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, केसी गुप्ता, संजय दुबे, अनुपम राजन, संजय शुक्ला, शिवशेखर शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से मौजूद थे। वहीं उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, निर्मला भूरिया, विश्वास सारंग, नागर सिंह चौहान, राकेश शुक्ला, इंदर सिंह परमार, राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल सहित सभी संभागायुक्त व कलेक्टर्स वर्चुअली सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए कि सेवा सेतु के मेगा शिविरों की सुदृढ़ तैयारी की जाए और सभी आयोजनों में जनभागीदारी, भोजन, परिवहन व समन्वय की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *