टोक्यो ओलिंपिक में मेडल जीतने व हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह बुधवार को शेफ बने। सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक उन्होंने खिलाड़ियों के लिए वेज व नॉनवेज डिशेज तैयार की। रात को खिलाड़ी पहुंचे तो कैप्टन ने उनका स्वागत करने के बाद खुद ही उनके लिए खाना परोसा। खिलाड़ी भी कैप्टन का बनाया खाना खाकर उनकी कुकिंग के कायल हो गए।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत की, उसकी तुलना में मैंने जो किया, वो कुछ भी नहीं है। कैप्टन ने सीधे पतीले से ही खिलाड़ियों को खाना परोसा। कैप्टन ने कहा कि सीधे पकाने वाले बर्तन से परोसने पर खाने का स्वाद ज्यादा बेहतर रहता है।
कैप्टन के डिनर के मीनू में मटन खड़ा पिशौरी, लौंग इलायची चिकन, आलू कोरमा, दाल मसरी, मुर्ग कोरमा, दुगानी बिरयानी और स्वीट डिश जारदा राइस थे। हॉकी कैप्टन मनप्रीत सिंह ने डिनर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने महाराजा कैप्टन अमरिंदर सिंह की कुकिंग के बारे में सुना था लेकिन उसका स्वाद उम्मीदों से कहीं अधिक था। उन्होंने आलू को अपना फेवरेट बताया।
उन्होंने कहा कि आलू के स्वाद के आगे उन्होंने नानवेज डिश चखी तक नहीं। डिस्कस थ्रोअर कमलप्रीत कौर ने कहा कि वो कैप्टन के पकाए खाने और उनकी आवभगत से बहुत प्रभावित हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह की इस दावत में हरियाणा के रहने वाले ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा खास मेहमान थे। इसके अलावा हॉकी कप्तान मनप्रीत सिंह के साथ उपकप्तान हरमनप्रीत सिंह, खिलाड़ी मनदीप सिंह, हार्दिक सिंह, रुपिंदर पाल सिंह, शमशेर सिंह, दिलप्रीत सिंह, गुरजंट सिंह, वरुण कुमार व सिमरजीत सिंह शामिल हुए। इसके अलावा महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी गुरजीत कौर, रीना खोखर, रिजर्व हॉकी प्लेयर कृष्ण बहादुर पाठक, डिस्कस थ्रोअर कमलप्रीत कौर के साथ एथलीट गुरप्रीत सिंह, शूटर अगंदवीर सिंह बाजवा को भी डिनर में बुलाया गया।
टोक्यो ओलिंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए पंजाब सरकार ने सम्मान समारोह किया था। तब कैप्टन ने ओलिंपिक पदक से चूकी मुक्तसर की डिस्कस थ्रो प्लेयर कमलप्रीत कौर का जिक्र करते हुए कहा था कि पंजाब के खेलमंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने उन्हें बताया कि कमलप्रीत कौर को अच्छा खाना खाने का बहुत शौक है। उन्होंने उसी समय तय कर लिया था कि वह ओलिंपिक में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को शानदार डिनर देंगे।
टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पंजाब सरकार की तरफ मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 32 करोड़ रुपए के इनाम दिए थे। इसमें ओलिंपिक में 41 साल बाद मेडल जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम को 2.51 करोड़ रुपए दिए। पंजाब से हॉकी टीम में कप्तान मनप्रीत सिंह के साथ मनदीप सिंह, हार्दिक सिंह, वरुण कुमार, हरमनप्रीत सिंह, रुपिंदरपाल सिंह, सिमरनजीत सिंह, गुरजंट सिंह, शमशेर सिंह, दिलप्रीत सिंह व कृष्ण पाठक शामिल थे।
इसी तरह ओलिंपिक में चौथे स्थान पर रही महिला हॉकी टीम में शामिल पंजाब की खिलाड़ी रीना खोखर, गुरजीत कौर और डिस्कस थ्रोअर कमलप्रीत कौर को भी 50-50 लाख रुपए दिए गए। बॉक्सर सिमरनजीत कौर, शूटर अंजुम मोदगिल और अंगदवीर सिंह, एथलीट तेजिंदरपाल सिंह तूर और गुरप्रीत सिंह और पैरालिंपिक बैडमिंटन प्लेयर पलक कोहली को भी सरकार ने 21-21 लाख रुपए दिए। टोक्यो ओलिंपिक में भारत के लिए इकलौता गोल्ड जीतने वाले हरियाणा के नीरज चोपड़ा को भी पंजाब सरकार ने 2.51 करोड़ रुपए देकर पुरस्कृत किया।