शेयर बाजार में आज भारी तेजी रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 620 पॉइंट्स (1.09%) बढ़कर 57,684 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 183 अंक (1.08%) बढ़कर 17,167 पर बंद हुआ।आज सेंसेक्स 301 पॉइंट्स ऊपर 57,365 पर खुला था। दिन में इसने 57,846 का हाई बनाया जबकि 57,346 का निचला स्तर बनाया। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 8 शेयर्स गिरावट में रहे। इसमें प्रमुख रूप से डॉ. रेड्डी, अल्ट्राटेक, सन फार्मा, एयरटेल, टाइटन और कोटक बैंक रहे। 22 शेयर्स बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें इंडसइंडस बैंक, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील और नेस्ले आदि रहे।
लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 259 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा रहा। कल की तुलना में इसमें ढाई लाख करोड़ रुपए की बढ़त हुई है। कल जीडीपी के आंकड़ों में तेजी और आज जीएसटी के आंकड़ों में तेजी का असर सीधे तौर पर बाजार पर दिखा। लगातार गिरावट में रहे शेयर बाजार ने आज इन कारणों से अच्छी खासी तेजी दिखाई।
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी दिन में 17,213 का ऊपरी स्तर जबकि 17,064 का निचला स्तर बनाया। निफ्टी बैंक, मिड कैप और फाइनेंशियल इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए हैं। इसके 50 शेयर्स में से 35 बढ़त के साथ और 14 शेयर्स गिरावट के साथ बंद हुए। टाटा मोटर्स, अडाणी पोर्ट, एक्सिस बैंक और इंडसइंड बैंक के शेयर्स बढ़कर बंद हुए। सिप्ला, डिवीज लैब, एयरटेल और अल्ट्राटेक सीमेंट गिरावट के साथ बंद हुए।
इससे पहले कल शेयर बाजार जबरदस्त उतार-चढ़ाव के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स दिन भर में 923 पॉइंट्स तक बढ़ा, जबकि 1,316 अंक तक गिरा। अंत में यह 195 पॉइंट्स (0.34%) गिर कर 57064 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 82 अंक गिरकर 16,972 पर बंद हुआ था।