अरविंद केजरीवाल कैबिनेट ने दिल्ली में वैट घटाया, डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं

दिल्ली सरकार ने महीने के पहले दिन आम आदमी को सस्ते पेट्रोल का तोहफा दिया है। राज्य सरकार ने पेट्रोल पर वैट को 30% से घटाकर 19.40% कर दिया है। इससे दिल्ली में पेट्रोल 8 रुपए तक सस्ता हो जाएगा। हालांकि डीजल पर वसूले जाने वाले वैट में कोई कटौती नहीं की गई है। दिल्ली में अभी पेट्रोल 103.97 और डीजल 86.67 रुपए लीटर बिक रहे हैं। नए दाम आज रात से लागू होंगे।पेट्रोल-डीजल GST के दायरे में नहीं आते हैं, इसलिए इस पर केंद्र सरकार की ओर से एक्साइज ड्यूटी और राज्य सरकार की ओर से वैट आदि लगाए जाते हैं। ऐसे में जब राज्य सरकार अपने हक का वैट कम कर देती है तो फ्यूल के रेट में कमी आ जाती है और ऐसा ही दिल्ली में हुआ है।

पेट्रोल का बेस प्राइज 47.93 और डीजल का 49.33 रुपए है। केंद्र सरकार पेट्रोल पर 27.90 और डीजल पर 21.80 रुपए एक्साइज ड्यूटी वसूलती है। इसके बाद इनको मिलाकर पेट्रोल-डीजल की जो कीमत होती है उस पर राज्य सरकारें अपने हिसाब से वैट टैक्स वसूलती हैं। इससे इनके दाम बेस प्राइज से 2 गुना से भी ज्यादा बढ़ जाते हैं।

इस समय सबसे महंगा पेट्रोल महाराष्ट्र के परभणी में बिक रहा है। यहां पेट्रोल 113.17 रुपए लीटर है। वहीं राजस्थान के श्रीगंगानगर में पेट्रोल 112.11 रुपए लीटर बिक रहा है।पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से लोगों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने 3 नवंबर को पेट्रोल पर 5 रुपए और डीजल पर 10 रुपए एक्साइज ड्यूटी घटाई थी। इसके बाद कर्नाटक, पुडुचेरी, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, नगालैंड, त्रिपुरा, असम, सिक्किम, बिहार, मध्य प्रदेश, गोवा, गुजरात, दादरा एवं नागर हवेली, दमन एवं दीव, चंडीगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और लद्दाख इस पर वैट में कटौती कर चुके हैं। इससे आम आदमी को थोड़ी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *