कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन भारत में भी पहुंच गया है। देश में इसके पहले दो मरीज कर्नाटक में मिले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है।
इनमें एक 66 साल का विदेशी नागरिक है, जो पिछले दिनों साउथ अफ्रीका गया था, जबकि दूसरा बेंगलुरू का 46 साल का हेल्थ वर्कर है। दोनों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। इसकी रिपोर्ट में ओमिक्रॉन वैरिएंट की पुष्टि हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जिस विदेशी नागरिक की रिपोर्ट में ओमिक्रॉन वैरिएंट पाया गया है, बेंगलूरू म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन की तरफ से जारी इस नागरिक की ट्रैवल रिपोर्ट में बताया गया है कि 20 नवंबर को बेंगलुरू पहुंचने पर वह पॉजिटिव पाया गया था।
उसे होटल में क्वारैंटाइन करने के बाद उसके संपर्क में आए 240 लोगों का टेस्ट किया गया, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव मिली है। इस विदेशी नागरिक ने 27 नवंबर की रात को 12 बजकर 12 मिनट पर होटल से टैक्सी ली और एयरपोर्ट पहुंचकर वह UAE के दुबई शहर के लिए रवाना हो गया। म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन ने अपनी रिपोर्ट में यह नहीं बताया है कि जाने से पहले उस विदेशी की दूसरी टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई थी या नहीं।
इसके अलावा दूसरे ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित मिले भारतीय हेल्थ वर्कर के बारे में बताया गया है कि उसे वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं और उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। उसके संपर्क में आए सभी लोगों की पहचान कर ली गई है और उनकी निगरानी की जा रही है।
ICMR के डायरेक्टर जनरल बलराम भार्गव ने कोरोना पर होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि स्वास्थ्य विभाग की बनाई 37 लैब में संक्रमितों की जीनोम सीक्वेंसिंग की जा रही है। इनमें कर्नाटक के दो सैंपल में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। हमें घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन जागरूकता बेहद जरूरी है।
देश में भी ओमिक्रॉन के दो मामले मिलने के बाद केंद्र सरकार सतर्क हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ मीटिंग करेंगे। मीटिंग के दौरान सभी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार से शुरू की गई कोविड टेस्टिंग और सर्विलांस से जुड़े आदेशों का रिव्यू किया जाएगा।
नए वैरिएंट के खतरे को देखते हुए 1 दिसंबर की आधी रात के बाद से गुरुवार तक 10 यात्रियों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। करीब 8 हजार लोगों का RT-PCR टेस्ट किया गया है।ओमिक्रॉन के बारे में पहली बार 25 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) को बताया था। इससे संक्रमित व्यक्ति का 9 नवंबर को सैंपल लिया गया था। 26 नवंबर को WHO ने नए वैरिएंट B.1.1.529 को ओमिक्रॉन नाम दिया। इसे वैरिएंट ऑफ कंसर्न कैटेगरी में रखा गया है। इसके सामने आने के बाद कई देशों ने दक्षिण अफ्रीका की उड़ानों पर रोक लगा दी थी।
हेल्थ मिनिस्ट्री के जॉइंट सेक्रेटरी लव अग्रवाल ने बताया कि एक महीने से देश में कोरोना के केस लगातार घट रहे हैं। चिंता की बात यह है कि 15 जिलों में अब भी पॉजिटिविटी रेट 10% से ज्यादा है। 18 जिलों में यह रेट 5 से 10% बनी हुई है। केरल और महाराष्ट्र ही दो राज्य हैं जहां 10 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं। देश के 55% से ज्यादा केस यहीं हैं।
उन्होंने बताया कि 49% आबादी को वैक्सीन के दोनों डोज लगे। घर-घर जाकर वैक्सीन लगाने का अभियान शुरू हो चुका है। देश में अभी कोरोना के 99,763 एक्टिव केस हैं। पिछले 24 घंटे में 9,765 नए मामले सामने आए हैं।महाराष्ट्र सरकार ने विदेश से आने वाले यात्रियों में कोरोना के मामलों को देखते हुए एक नई कैटेगरी बनाई है। अल्ट्रा रिस्क कैटेगरी में 6 देशों को रखा गया है। इनमें अफ्रीकी देश बोत्सवाना, नामीबिया, एस्वातिनी, लेसोथो, जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। इन देशों से आने वाले यात्रियों को इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन होना पड़ेगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया आज राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें एयरपोर्ट्स पर कोरोना टेस्टिंग और सर्विलांस के उपायों की समीक्षा की जाएगी। कल ही भारत ने विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए नियमों को कड़ा किया है, खास तौर से उन देशों से जहां ओमिक्रॉन केस मिले हैं।
वहीं, ओमिक्रॉन के खतरे के बीच दिल्ली में एट रिस्क देशों से आए 4 और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उन्हें लोक नारायण जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि विदेश से आने वाले हर यात्री के लिए एयरपोर्ट पर RT-PCR टेस्ट कराना अनिवार्य होगा।देश में कोरोना के एक्टिव केस पूरे डेढ साल बाद एक लाख से कम हुए हैं। आज एक्टिव केस की संख्या 99,753 है। पिछले साल 1 जून को 97,009 एक्टिव मामले थे। रिकवरी रेट 98.35% है। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे के बीच एक्टिव केस कम होना राहत की खबर है। बीते 24 घंटों में देश में 9,765 नए केस दर्ज किए गए हैं। 477 लोगों की कोरोना संक्रमण से जान गई है, जबकि 8,548 लोगों ने इस बीमारी को मात दी है।
देश में इंटरनेशनल फ्लाइट से लौटने वालों का RT-PCR टेस्ट करने की गाइडलाइंस लागू होने के बाद बुधवार को मुंबई में तीन पैसेंजर पॉजिटिव मिले। ये पैसेंजर मॉरीशस और लंदन से लौटे थे। इनके अलावा मंगलवार को आइसोलेट किए गए एक विदेशी यात्री की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट भी बुधवार को पॉजिटिव आई है।
इन चार नए मामलों के साथ ही अब मुंबई में नए कोरोना वैरिएंट ओमिक्रॉन के संदिग्ध केस की संख्या पांच हो गई है। इन चारों के सैंपल भी जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेज दिए गए हैं।
पुणे की सीरम इंस्टीट्यूट (SII) ने भारत में बूस्टर डोज के रूप में कोवीशील्ड वैक्सीन के लिए DCGI से अनुमति मांगी है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने देश में वैक्सीन के पर्याप्त स्टॉक और नए कोरोना वायरस वैरिएंट के उभरने की आशंका के चलते बूस्टर शॉट की मांग का हवाला दिया है।
देश के ड्रग्स कंट्रोलर जनरल (DCGI) को दिए आवेदन में सीरम इंस्टीट्यूट के नियामक मामलों के डायरेक्टर प्रकाश कुमार सिंह ने बताया कि ब्रिटेन की मेडिकल रेगुलेटरी ने एस्ट्राजेनेका की कोविड वैक्सीन की बूस्टर खुराक को पहले ही मंजूरी दे दी है। ऐसे में भारत में भी कंपनी के वैक्सीन को मंजूरी देनी चाहिए।