देश में रविवार को 2.09 लाख मामले सामने आए। इस दौरान 2.61 लाख लोग ठीक भी हुए, जबकि 956 लोगों की मौत हुई है। पिछले दिन के मुकाबले एक्टिव केस की संख्या में करीब 52,833 की कमी हुई है। देश में फिलहाल कुल एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 18.25 लाख है। कुल केस 4.13 करोड़ के पार पहुंच गए हैं। देश का डेली पॉजिटिविटी रेट 15.77% है।
देश के कोरोना केस में लगातार गिरावट देखी जा रही है। शनिवार को 2.34 लाख और शुक्रवार को 2.35 लाख नए केस मिले थे। तीसरी लहर के दौरान 20 जनवरी को सबसे ज्यादा 3.47 लाख नए केस मिले थे। खास बात यह है कि दिल्ली, मुंबई समेत देश के सभी प्रमुख शहरों में नए संक्रमितों की संख्या घटती दिखाई दे रही है।
तीसरी लहर आने के बाद देश में पहली बार वीकली कोरोना केस में गिरावट आई है। 24 से 30 जनवरी के बीच 17.5 लाख केस दर्ज किए गए, जो कि पिछले हफ्ते के मुकाबले 19% कम है। हालांकि, इसी दौरान कुल मौतों के मामले मे 41% की बढ़ोतरी हुई है। इस हफ्ते देश का पॉजिटिविटी रेट 15.68% रहा, जबकि पिछले हफ्ते यह 17.28% था।
देश में कोरोना पर एक नजर
कुल करोना केस: 4.13 करोड़
कुल रिकवरी: 3.89 करोड़
कुल मौतें: 4.95 लाख
केरल:रविवार को 51,570 नए संक्रमित मिले हैं, जबकि 32,701 मरीज ठीक हुए हैं और 101 लोगों की मौत हुई। इससे एक दिन पहले शनिवार को 50,812 नए संक्रमित मिले और 94 लोगों की मौत हुई। शनिवार के मुकाबले रविवार को नए केस में 758 की बढ़ोतरी हुई है।
यहां अब तक कुल 59.83 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 55.74 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 53,666 लोगों की मौत हो गई। यहां पॉजिटिविटी रेट 49.89% है।
कर्नाटक:कर्नाटक में रविवार को 28,264 नए मामले मिले हैं, जबकि 29,244 लोगों ने कोरोना को मात दी। इस दौरान 68 लोगों की मौत हुई। इससे एक दिन पहले शनिवार को 33,337 नए मामले मिले और 70 लोगों की मौत हुई। फिलहाल यहां इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 2.51 लाख है, वहीं पॉजिटिविटी रेट 16.39% है जो एक दिन पहले 19.37% था।
महाराष्ट्र:
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 22,444 नए मामले मिले। इस दौरान 50 लोगों की मौत हुई और 39,015 मरीज ठीक हुए। इससे एक दिन पहले 27,971 नए मामले मिले और 61 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब कुल एक्टिव केस घटकर 2.27 लाख हो गए हैं।
राज्य में अब तक कुल 77.05 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 73.31 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.42 लाख लोगों की मौत हो गई। पॉजिटिविटी रेट 13.28% है, इससे एक दिन पहले शनिवार को 16.47% था।
तमिलनाडु:यहां रविवार को 22,238 नए मामले सामने आए। 26,624 लोग ठीक हुए और 38 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले शनिवार को 24,418 नए मामले सामने आए और 46 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में कुल 33.25 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 30.84 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 37,544 लोगों की मौत हुई है। यहां एक्टिव केस 2.03 लाख और पॉजिटिविटी रेट 16.24% है।
राजस्थान:यहां रविवार को 10,061 केस सामने आए, जबकि 9245 लोग ठीक हुए और 21 लोगों की मौत हुई। इससे पहले शनिवार को 10,437 नए केस सामने आए और 22 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 12 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 11.18 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,245 लोगों की मौत हो गई। यहां एक्टिव केस 72 हजार हैं।
उत्तर प्रदेश:यहां बीते 24 घंटे में 8,079 नए कोरोना केस आए। 12,080 लोग ठीक हुए और 26 लोगों की मौत हुई। इससे पहले शनिवार को 8,273 नए कोरोना केस आए और 25 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 20.13 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 19.34 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 23,190 लोगों की मौत हो गई। राज्य में 55,574 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। राज्य में पॉजिटिविटी दर 3.99% है।
हरियाणा:राज्य में बीते 24 घंटों में 3,918 लोग संक्रमित पाए गए। 5,284 लोग ठीक हुए और 17 लोगों की मौत हुई है। यहां शनिवार को 4,445 लोग संक्रमित मिले और 13 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 9.45 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.06 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,286 लोगों की मौत हो गई। कुल 28,814 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। एक दिन पहले पॉजिटिविटी रेट 12.63% था जो अब 11.19% है।
दिल्ली:दिल्ली में शनिवार को 3,674 नए कोरोना केस सामने आए और 30 लोगों की मौत हुई। 6,954 लोग ठीक हुए। इससे एक दिन पहले शनिवार 4,483 नए कोरोना केस सामने आए और 28 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 18.27 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 17.80 लाख ठीक हो चुके हैं जबकि 25,827 की मौत हो गई। 15 जनवरी को दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 30% था, जो लगातार कम होते हुए रविवार को 6.37% पर आ गया है।
पंजाब:पंजाब में बीते दिन 2,780 नए संक्रमित मिले हैं और 24 लोगों ने दम तोड़ दिया। 5,431 लोग संक्रमण से ठीक भी हुए हैं। अब तक राज्य में 7.41 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6.97 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 17,214 लोगों की मौत हो गई। एक्टिव केस 26,791 हैं। राज्य में पॉजिटिविटी दर 7.50% है।