पंजाब में पीएम की सुरक्षा चूक की जांच:SC की कमेटी आज फिरोजपुर में

पंजाब में पीएम की सुरक्षा चूक की जांच:SC की कमेटी आज फिरोजपुर में

पंजाब में पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की टीम फिरोजपुर पहुंचेगी। सुप्रीम कोर्ट ने रिटायर्ड जस्टिस इंदु मल्होत्रा की अगुवाई में जांच के आदेश दिए थे। अब रिटायर्ड जस्टिस इंदु मल्होत्रा आज फिरोजपुर पहुंच रही हैं। वह दिल्ली से अमृतसर पहुंचेंगी। यहां से सड़क मार्ग से फिरोजपुर जाएंगी।

वह पीएम के काफिले के रुकने वाले प्यारेआणा फ्लाईओवर वाली जगह की भी जांच करेंगे। उनके साथ चंडीगढ़ के डीजीपी, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के IG, पंजाब के ADGP सिक्योरिटी और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल भी होंगे। पीएम की विजिट से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड पहले ही कमेटी के पास पहुंच चुका है।पीएम नरेंद्र मोदी फिरोजपुर में चुनावी रैली को संबोधित करने पंजाब आए थे। मौसम खराब होने की वजह से वह हवाई मार्ग से नहीं जा सके। इसके बाद वह बठिंडा के भिसियाना एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से निकले, लेकिन फिरोजपुर में प्यारेआणा गांव के पास हाइवे ब्लॉक मिला। वह करीब 20 मिनट फ्लाईओवर पर रुके रहे और फिर उनका काफिला वापस लौट आया। वहां उन्होंने पंजाब के अफसरों को कहा ‘अपने मुख्यमंत्री को धन्यवाद कहना कि मैं बठिंडा एयरपोर्ट तक जिंदा लौट पाया हूं’। इसी दौरान केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि पीएम की सुरक्षा में चूक हुई है।

पीएम की सुरक्षा चूक के बाद केंद्र और पंजाब ने अलग-अलग जांच शुरू कर दी। पंजाब ने रिटायर्ड जस्टिस मेहताब सिंह गिल और गृह सचिव अनुराग वर्मा की कमेटी बना दी। वहीं केंद्र ने भी इंटेलिजेंस ब्यूरो और SPG अफसरों के साथ सुरक्षा सचिव की अगुआई वाली जांच कमेटी बना दी। केंद्र की कमेटी ने जांच भी शुरू कर दी। तभी मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया। सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की कमेटी को खारिज कर दिया। जिसके बाद रिटायर्ड जस्टिस इंदु मल्होत्रा की अगुवाई में संयुक्त जांच कमेटी बना दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *