देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 13,348 नए केस मिले, 34.14 हजार मरीज ठीक हुए, जबकि 235 लोगों की कोरोना संक्रमण से जान गई। ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट BA-2 को लेकर कई आशंकाएं और अटकलें लग रही हैं कि यह मूल वैरिएंट से भी ज्यादा तेजी से फैलने वाला है। इसके डेल्टा से भी खतरनाक होने की आशंका जताई जा चुकी है। हालांकि, भारत के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी और नेशनल आईएमए कोविड टास्क फोर्स के को-चेयरमैन डॉ राजीव जयदेवन ने सुकून देने वाली बात कही है। उनका कहना है कि बीए-2 सब-वैरिएंट से एक और लहर आने की आशंका नहीं है।
इतना ही नहीं, जो लोग पहले ही BA-1 सब-वैरिएंट के संपर्क में आ चुके हैं, उन्हें भी शायद दोबारा इसका इन्फेक्शन न हो। राजीव ने कहा, बीए-2 न तो नया वायरस है और न ही नया स्ट्रेन है। पर यह बीए-1 के मुकाबले कहीं ज्यादा तेजी से फैल सकता है। हालांकि, इससे एक और लहर नहीं आएगी। यह बयान महामारी विज्ञानी डॉ एरिक फीगल-डिंग की चेतावनी के बाद आया है। उन्होंने WHO से ओमिक्रॉन के वैरिएंट बीए-2 को ‘वैरिएंट ऑफ कन्सर्न’ घोषित करने को कहा था।
मुंबई लोकल ट्रेन में सफर करने के लिए अब कोरोना वैक्सीन का दोनों डोज लेना आवश्यक नहीं है। हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद महाराष्ट्र सरकार ने आदेश वापस ले लिया है। कोर्ट ने कहा था कि इस नियम से लोगों के मौलिक अधिकार का हनन हुआ है। सरकार ने लोकल ट्रेन चलाने की घोषणा के साथ ही यह निर्देश लागू किया था।
देश में कोरोना की स्थिति
- कुल मामले- 42,850,164
- कुल रिकवरी- 42,148,119
- कुल एक्टिव केस- 171,789
- कुल मौतें- 512,331