PM मोदी बोले- इस समय दुनिया में उथल-पुथल, भारत का ताकतवर होना बहुत जरूरी

PM मोदी बोले- इस समय दुनिया में उथल-पुथल, भारत का ताकतवर होना बहुत जरूरी

यूपी विधानसभा चुनाव में रूस-यूक्रेन के बीच जारी तनाव की एंट्री हो गई है। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहराइच में जनसभा को संबोधित किया। मोदी ने कहा, आप देख रहे हैं कि इस समय दुनिया में कितनी उथल-पुथल मची हुई है। ऐसे में आज भारत का ताकतवर होना पूरी मानवता के लिए बहुत जरूरी है। आपका एक-एक वोट भारत को ताकतवर बनाएगा।

पीएम ने कहा, सुहेलदेव की धरती के लोगों का एक-एक वोट, देश को मजबूती देगा। आपके इलाके का दरोगा भी ढीला-ढाला पसंद आता है क्या? तो भाइयों-बहनों इतना बड़ा देश-इतना बड़ा राज्य, तो जिम्मेदारी भी मजबूत कंधों पर होनी चाहिए।

मोदी ने कहा, यहां पैर रखने की भी जगह नहीं है। साल 2014, 2017, 2019 और इस बार भी यूपी के लोग घोर परिवारवादियों को हराने का फैसला कर चुके हैं। आप सब जो यहां इतनी बड़ी संख्या में भाजपा को आशीर्वाद देने आए हैं, उससे साफ है कि यूपी चुनाव में इस बार भी जीत का चौका लगने वाला है।

हिंदुस्तान का कोना कोना शौर्य और पराक्रम से भरा है। हमारी मिट्टी ही हमारा व्यक्तित्व रच देती है। जिस धरती पर हम हैं, ये धरती ही महाराजा सुहेलदेव के पराक्रम की महक लिए हुए है। पिछले वर्ष उनके स्मारक के शिलान्यास का मौका मिला, वहां उनकी भव्य प्रतिमा भी लगाई जाएगी।

पीएम मोदी ने कहा कि जब टफ टाइम होता है, तो लीडर भी टफ होना चाहिए। समृद्ध भारत के लिए उत्तर प्रदेश का समृद्ध होना, विकसित होना उतना ही जरूरी है। मैंने 2014 से लेकर 2017 तक इन घोर परिवारवादियों का, उनका कामकाज, उनका कारोबार, उनके कारनामों को बहुत करीब से देखा है। दु:ख होता है जब अपने स्वार्थ के लिए घोर परिवारवादियों की सरकारें जनता के हित को ही स्वाहा कर देती हैं। साल 2017 से पहले बस्ती, गोंडा, बहराइच और बलरामपुर के लोगों ने भी बहुत भेदभाव झेला।

अब योगी सरकार पिछले पांच वर्षों से हर वो प्रयास कर रही है, जो आपके जीवन में सहूलियत ला सके और गरीब को सम्मान दे सके। यूपी की बिगड़ी कानून व्यवस्था को बीते पांच सालों में भाजपा सरकार पटरी पर ले आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *