IPL 2022 के 47वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को एकतरफा मुकाबले में 7 विकेट से हरा दिया। शानदार फॉर्म में चल रही राजस्थान की ये लगातार दूसरी हार है। RR की इस हार के सबसे बड़े मुजरिम मध्यक्रम के बल्लेबाज करुण नायर रहे।
मैच में नायर 9वें ओवर में जोस बटलर के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए। उस समय रॉयल्स का स्कोर 55/2 था। दूसरे छोर पर कप्तान संजू सैमसन थे और RR के खेमे की नजर करुण नायर पर टिकी हुई थी, लेकिन उन्होंने सभी को निराश किया। करुण नायर 13 गेंदों में 13 रन बनाकर अनुकूल रॉय की गेंद पर आउट हुए।
रॉय ने ऑफ स्टंप पर बैक ऑफ लेंथ से गेंद डाली थी, जिस पर करुण ने आगे बढ़कर हवाई शॉट खेल दिया। हालांकि, शॉट पर वो अपनी पूरी ताकत नहीं लगा पाए और डीप मिडविकेट पर रिंकू सिंह को अपना कैच दे बैठे। अपनी पारी में उन्होंने केवल 1 चौका लगाया।
करुण नायर को इस सीजन अब तक केवल 3 ही मैच खेलने का मौका मिला है। इस दौरान 2 पारियों में उनके बल्ले से 8 की औसत से केवल 16 रन निकले हैं। इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ वे केवल 5 गेंदों में 3 रन बनाकर आउट हो गए थे। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उनको बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। इसके बाद उनको प्लेइंग-XI से बाहर कर दिया गया था।
मेगा ऑक्शन में नायर को राजस्थान रॉयल्स ने 1.40 करोड़ रुपए में खरीदा था। पिछले साल IPL 2021 में वह KKR की टीम का ही हिस्सा थे और उनको एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था। 75 IPL मैचों में नायर ने 24 की औसत से 1483 रन बनाए हैं।
इस मैच में नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया। KKR के सामने 153 रन का टारगेट था, जिसे टीम ने आखिरी ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। चौथे विकेट के लिए नीतीश राणा (48) और रिंकू सिंह (42) ने 38 गेंदों में नाबाद 66 रन जोड़कर KKR की जीत को पक्का किया।
इससे पहले टॉस हारकर बैटिंग करते हुए RR ने 152/5 का स्कोर बनाया था। संजू सैमसन (54) टॉप स्कोरर रहे। वहीं, आखिरी ओवरों में हेटमायर ने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए 13 गेंद में नाबाद 27 रन बनाए। उनकी इसी पारी के दम पर राजस्थान 150 का आंकड़ा पार कर पाई। KKR के लिए सबसे ज्यादा विकेट टिम साउदी के खाते में आए। उन्होंने 2 विकेट अपने नाम किए।