अबूझमाड़ के ग्रामीणों से सीएम बघेल हुए रूबरू:5 नए धान खरीदी केंद्र, इंग्लिश मीडियम स्कूल और ITI खोलने की घोषणा

अबूझमाड़ के ग्रामीणों से सीएम बघेल हुए रूबरू:5 नए धान खरीदी केंद्र, इंग्लिश मीडियम स्कूल और ITI खोलने की घोषणा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दूसरे चरण का आज तीसरा दिन है। तीसरे दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नारायणपुर जिले के नक्सल प्रभावित गांव छोटे डोंगर में चौपाल लगाई। यहां नक्सलगढ़ के अबूझमाड़ के ग्रामीणों से उन्होंने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अबूझमाड़ इलाके में 5 नए धान खरीदी केंद्र खोलने की घोषणा की है। साथ ही छोटे डोंगर में नया ITI खोला जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके इसलिए छोटे डोंगर में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडिम स्कूल खोला जाएगा। मुख्यमंत्री ने समूह की महिलाओं से भी बात की। समूह की महिला लता ने बताया कि बिहान समूह बनाकर उन्होंने 50 क्विंटल गोबर खरीदा है। मशरूम की खेती कर रही हैं और 2 सौ रुपए प्रति किलो में बेच रही हैं। जिसपर CM ने खुशी जाहिर की। CM से सीधे संवाद के दौरान समूह की महिलाओं ने बोर और शेड निर्माण की मांग रखी। CM ने तुरंत इसकी भी घोषणा कर दी।लता की बात सुनकर CM ने कहा कि अब इलाके की तस्वीर बदल रही है। महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही है। किसान सुंदरम पोयाम ने CM भूपेश बघेल को बताया कि 50 क्विंटल धान बेचने पर उनके खाते में तुरंत पैसे आ गए और एक लाख रुपए का कर्ज भी माफ हुआ है। जब CM ने पूछा कि अब इन पैसों का क्या करोगे, तो किसान ने जवाब में कहा कि इन पैसों से मैं खेत में घेरा बनवाऊंगा।

CM ने की घोषणाएं

  • तारागांव में लघु उद्वहन सिंचाई योजना की स्वीकृति दी जाएगी।
  • बड़े जम्हरी शासकीय हाई स्कूल का हायर सेकेण्डरी स्कूल में उन्नयन किया जाएगा।
  • कन्हारगांव शासकीय माध्यमिक शाला का हाईस्कूल में उन्नयन किया जाएगा।
  • छोटेडोंगर में 32 गढ़ हल्बा समाज हेतु सामाजिक भवन निर्माण करवाया जाएगा।
  • छोटेडोंगर में 84 परगना गोंड़वाना समाज हेतु सामाजिक भवन का निर्माण करवाया जाएगा।
  • चांदागांव से सोनापाल होते हुए पानी गांव तक करीब 5 किमी सड़क का डामरीकरण ।
  • 5 नवीन धान खरीदी केन्द्र- कन्हारगांव, कोहकामेटा, सोनपुर, गढ़बेंगाल एवं कुकड़ाझोर।
  • दंतेश्वरी मंदिर में अतिरिक्त कक्ष एवं उन्नयन कार्य।
  • मरार समाज हेतु सामाजिक भवन निर्माण की स्वीकृति।
  • यादव समाज हेतु सामाजिक भवन निर्माण की स्वीकृति।
  • छोटेडोंगर में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र।
  • नारायणपुर में 50 बिस्तर का मातृ-शिशु अस्पताल।
  • तेंदूपत्ता खरीदी का नगद भुगतान।
  • ग्राम बडगांव से दुरबेड़ा-ताड़ोनार होते हुए नारायणपुर जिला मुख्यालय तक 15 किलो मीटर सड़क निर्माण।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के थे तहत एक ही दिन में बस्तर के तीन जिलों में चौपाल लगा रहे हैं। नारायणपुर में लोगों से मिलने के बाद वे कोंडागांव के लिए निकल गए हैं। कुछ देर के बाद वे मर्दापाल पहुंचेंगे और यहां लंच करेंगे। भेंट मुलाकात के तहत ग्रामीणों से मुलाकात करने के बाद वे फिर यहां से बस्तर जिले के भानपुरी के लिए रवाना होंगे।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 18 मई को सुकमा पहुंचे थे। उन्होंने कोंटा में शंकर भगवान के मंदिर में मत्था टेक भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दूसरे चरण की शुरुआत की थी। कोंटा के बाद छिंदगढ़ और फिर सुकमा जिला मुख्यालय में भी उन्होंने चौपाल लगाई थी। फिर दूसरे दिन यानी 19 मई को वे बीजापुर जिले के नक्सलगढ़ कुटूर और आवापल्ली पहुंचे। लोगों से मुलाकात की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *