नडाल ने जीता 22वां ग्रैंड स्लैम खिताब:

नडाल ने जीता 22वां ग्रैंड स्लैम खिताब:

स्पेन के टेनिस स्टार राफेल नडाल ने करियर का 22वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया है। रविवार को फ्रेंच ओपन में मेंस सिंगल्स के फाइनल में उन्होंने नॉर्वे के कैस्पर रूड को सीधे सेटों में 6-3, 6-3, 6-0 से हरा दिया। यह मैच 2 घंटा 18 मिनट तक चला। इसी के साथ नडाल ने 14वीं बार फ्रेंच ओपन खिताब जीता है। 36 साल के नडाल सबसे उम्रदराज फ्रेंच ओपन चैंपियन बने हैं। फाइनल में नडाल से हारने वाले रूड उनके शिष्य भी रहे हैं। वे 2018 से नडाल की एकेडमी में ट्रेनिंग ले रहे हैं।

नडाल 14वीं बार फ्रेंच ओपन का फाइनल खेलने उतरे थे। उन्होंने रोलैंड गैरोस की लाल बजरी पर कोई भी फाइनल मुकाबला न हारने का सिलसिला जारी रखा है। वे 2005 में यहां पहली बार चैंपियन बने थे। 2008 तक वे यहां लगातार चार बार चैंपियन बने। 2009 में उन्हें चौथे राउंड में हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने 2010 से 2014 तक लगातार पांच बार यहां खिताब जीता।

2015 में उन्हें क्वार्टर फाइनल में हार झेलनी पड़ी। 2016 में चोटिल होने के कारण उन्होंने तीसरे राउंड के मुकाबले से नाम वापस ले लिया था। 2017 से 2020 तक नडाल यहां फिर लगातार चार बार चैंपियन बने। पिछले साल (2021 में) उन्हें सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविच से हार झेलनी पड़ी थी।

नडाल दुनिया में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम सिंगल्स खिताब जीतने वाले पुरुष खिलाड़ी हैं। 22वां खिताब जीतकर उन्होंने अपने सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वियों स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और सर्बिया के नोवाक जोकोविच के ऊपर दो खिताब की बढ़त बना ली है। फेडरर और जोकोविच के नाम 20-20 ग्रैंड स्लैम खिताब हैं।

नडाल ने 2003 से ग्रैंड स्लैम खेलना शुरू किया था। करियर की शुरुआत में उन्हें सिर्फ क्ले कोर्ट का खिलाड़ी माना जाता था। यानी ऐसा खिलाड़ी जो सिर्फ मिट्टी के सरफेस पर जीत हासिल कर सकता है लेकिन, ग्रास कोर्ट और हार्ड कोर्ट पर सफल नहीं हो सकता। लेकिन, 2008 में उन्होंने विम्बलडन के फाइनल में फेडरर को हराकर यह मिथक तोड़ा। 2009 में उन्होंने पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीतकर खुद को हार्ड कोर्ट पर विजेता साबित कर दिया।

2010 में यूएस ओपन (हार्ड कोर्ट) खिताब जीतकर उन्होंने करियर स्लैम भी अपने नाम कर लिया। कोई टेनिस खिलाड़ी करियर स्लैम तभी हासिल करता है जब वह चारों ग्रैंड स्लैम खिताब कम से कम एक बार जीत लेता है। नडाल हर ग्रैंड स्लैम खिताब कम से कम दो बार जीत चुके हैं। उनसे पहले सिर्फ जोकोिवच ने यह कारनामा किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *