रायपुर में अग्निपथ का राजनीतिक विरोध:युवा कांग्रेस ने फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

रायपुर में अग्निपथ का राजनीतिक विरोध:युवा कांग्रेस ने फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

केंद्र सरकार की नई सेना भर्ती योजना अग्निपथ का विरोध छत्तीसगढ़ में भी शुरू हो गया है। युवा कांग्रेस ने शनिवार को रायपुर के राजीव चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। वे लोग भाजपा सांसद सुनील सोनी के घेर का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया।

युवा कांग्रेस नेता विनोद कश्यप की अगुवाई में प्रदर्शनकारियों ने राजधानी में अग्निपथ योजना का विरोध किया। तय हुआ था कि प्रदर्शनकारी पदयात्रा करते हुए भाजपा सांसद सुनील सोनी के घर तक जाएंगे। उनके घर के बाहर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकेंगे। बाद में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने सांसद के घर के बाहर प्रदर्शन से युवा कांग्रेसियों को रोक दिया।

बाद में कार्यक्रम बदला और प्रदर्शनकारी राजीव गांधी चौक पर इकट्ठा हुए। यहां इन लोगों ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। फिर प्रधानमंत्री के पुतले को आग के हवाले कर दिया। वहां पहुंचे पुलिसकर्मियों ने किसी तरह इन लोगों को चौक से हटाया। विनोद कश्यप-भक्कू ने कहा, केंद्र सरकार यह अग्निपथ योजना युवाओं को छलने के लिए लाई है। वे लोग इसका विरोध करेंगे।प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, खुद को राष्ट्रवादी कहने वाली भाजपा की केंद्र सरकार अग्निवीर के नाम पर राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ मजाक करने जा रही है। देश की सेनाओं में राष्ट्र सेवा के साथ सुनहरे भविष्य का सपना देखने वाले युवा खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। मोदी सरकार देश की सेना के साथ भारत के युवाओं का भी भविष्य खराब कर रही है। इस योजना की घोषणा के बाद से पूरे देश में युवाओं में आक्रोश देखने को मिल रहा है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़ सभी जगह युवा आंदोलन कर रहे हैं। इस योजना को लेकर सेना के पूर्व अधिकारी भी विरोध में उतर आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *