CM ने मंत्री डहरिया की बॉल पर मारा चौका:कुम्हारी में स्टेडियम और पालिका भवन का किया उद्घाटन

CM ने मंत्री डहरिया की बॉल पर मारा चौका:कुम्हारी में स्टेडियम और पालिका भवन का किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को कुम्हारी में नगर पालिका के नए भवन के लोकार्पण और स्टेडियम के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे। स्टेडियम के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने हाथ में बैट थामा और बल्लेबाजी करने मैदान में उतर गए। दूसरे छोर पर नगर प्रशासन मंत्री शिव डहरिया बॉलिंग करने आए और CM ने चौका मार दिया। इसके बाद पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा।

दरअसल, कुम्हारी में साढ़े 4 करोड़ रुपए की लागत से स्टेडियम और 3.54 करोड़ की लागत नगर पालिका भवन का निर्माण किया गया है। उद्घाटन के मौके पर स्टेडियम में पहला मैच भी मुख्यमंत्री ने खेला। मंत्री डहरिया ने पहली बाल डाली तो वह वाइड करार दे दी गई। दूसरी बॉल पर मुख्यमंत्री ने चौका जड़ दिया। इस मैच के साथ ही स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी और पहला चौका लगाने वाले दोनों का खिताब मुख्यमंत्री के नाम आ गया है।

इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर, दुर्ग संभागायुक्त महादेव कांवड़े, आईजी बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा, एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कुम्हारी नगर पालिका के नए भवन का लोकार्पण किया। नगर पालिका की भव्यता को देखकर मुख्यमंत्री दंग रह गए। उन्होंने छत्तीसगढ़िया स्टाइल में इसकी प्रशंसा करते हुए में कहा कि पूरा विधानसभा स्टाइल में बने हे। ऐसा पालिका भवन छत्तीसगढ़ में मैंने नहीं देखा है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पार्षदों से चर्चा भी की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गोधन न्याय योजना के अंतर्गत बाड़ी से समूह को प्राप्त होने वाली आय का चेक वितरित किया और डोर टू डोर कचरा कलेक्शन करने वाली स्वच्छता ग्राही दीदियों को ई रिक्शा दिया गया।मुख्यमंत्री ने पूरे पालिका भवन को देखा। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें बताया कि भवन जी प्लस टू बनाया गया है प्रथम तल में सभाकक्ष और दूसरे तल में विभागों की शाखाएं होंगी। यह पूरा भवन 3.54 करोड़ की लागत से बना है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुम्हारों को इलेक्ट्रिक चाक भी वितरित किया। मुख्यमंत्री को इलेक्ट्रिक चाक में मिट्टी के बर्तन बनाकर कुम्हारों ने दिखाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के माध्यम से आपको हुनर को निखारने के लिए और बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही आप कम समय में अधिक कार्य भी कर पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *