9 साल बाद भारत ने ऑस्ट्रेलिया से होम सीरीज जीती:

9 साल बाद भारत ने ऑस्ट्रेलिया से होम सीरीज जीती:

सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली के तूफानी अर्धशतकों के दम पर टीम इंडिया ने तीसरे टी-20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। रोहित शर्मा की टीम ने अपने घरेलू मैदानों पर 9 साल बाद किसी टी-20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को हराया है। टीम इंडिया कंगारुओं को 2013 के बाद से टी-20 सीरीज में नहीं हरा सकी थी। उस साल एक मैच की सीरीज खेली गई थी जिसे भारत ने जीता था। वहीं, 2017-18 में सीरीज 1-1 से बराबरी पर छूटी थी तो 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से जीत हासिल की थी।

2018-19 की इस सीरीज के बाद भारत ने 10 घरेलू टी-20 सीरीज खेली है और एक बार भी टीम को हार का सामना नहीं करना पड़ा है।तीसरे टी-20 में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 186 रन बनाए। टिम डेविड ने 54 और कैमरून ग्रीन ने 52 रन बनाए। भारत के लिए अक्षर पटेल ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। जवाब में भारत ने 19.5 ओवर में 4 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंदों पर 69 रन बनाए। वहीं, किंग कोहली ने 63 रनों की पारी खेली। दोनों के बीच 62 बॉल पर 104 रन की साझेदारी हुई।भारतीय पारी के पहले ओवर में ही टीम इंडिया को पहले झटका लगा। ओपनर केएल राहुल 1 रन बनाकर डेनियल सैम्स की गेंद पर आउट हो गए। वहीं, रोहित शर्मा शुरुआत तो अच्छी मिली, लेकिन वह 14 गेंद पर 17 रन बनाकर पैट कमिंस की गेंद पर बाउंड्री लाइन पर डेनियल सैम्स को कैच दे बैठे।

ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज कैमरून ग्रीन ने तीसरे टी-20 में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंद में 52 रन बना दिए। उनके बल्ले से 7 चौके और 3 छक्के निकले। उनका स्ट्राइक रेट 247.61 का रहा। ग्रीन तेजी से रन बना रहे थे। ऐसा लगा आज ये खिलाड़ी शतक बनाकर ही दम लेगा, लेकिन भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में उन्होंने केएल राहुल को कैच दे दिया।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

भारत- रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल।

ऑस्ट्रेलिया- एरोन फिंच (कप्तान), कैमरून ग्रीन, स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल,जोश इंगलिस, मैथ्यू वेड, टिम डेविड, डेनियल सैम्स, एडम जम्पा, पैट कमिंस, जोस हेजलवुड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *