मुंबई के रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल को फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हॉस्पिटल के लैंडलाइन नंबर पर अनजान शख्स का दो बार कॉल आया, जिसमें कॉलर ने अंबानी परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पहली बार कॉल आज दोपहर करीब 1 बजे आया और दूसरा कॉल शाम 5 बजे आया। इसके बाद से अस्पताल और एंटीलिया ( मुकेश अंबानी का घर ) की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ( RIL ) के प्रवक्ता ने कहा कि कॉलर ने मुकेश, नीता, आकाश और अनंत अंबानी को जान से मारने की धमकी दी है। फोन करने वाले ने एंटीलिया को भी उड़ाने को कहा है।
इस मामले में मुंबई के डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
इससे पहले भी कई बार अंबानी फैमिली को जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। 15 अगस्त के दिन भी एक शख्स ने कॉल करके मुकेश और नीता अंबानी को जान से मारने की धमकी दी थी। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को अरेस्ट किया था।