मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कवर्धा विधानसभा की भेंट-मुलाकात खत्म कर देर रात राजधानी वापस लौट रहे हैं। उनको उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव की अन्त्येष्टि में शामिल होने उनके पैतृक गांव सैफई जाना है। मुख्यमंत्री मंगलवार सुबह 10 बजे के बाद लखनऊ के लिये रवाना हो जाएंगे। मुलायम सिंह का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया है।
मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को सुबह 8.16 बजे अंतिम सांस ली। वे 82 साल के थे। मुलायम सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में वेंटिलेटर पर थे। पिछले रविवार से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। उनके निधन की सूचना पर छत्तीसगढ़ के नेताओं ने भी शोक संवेदना व्यक्त की। कवर्धा रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, मुलायम सिंह जी बहुत ही वरिष्ठ राजनेता थे। कई बार सांसद-विधायक, तीन बार के मुख्यमंत्री, केंद्र में रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभाग के मंत्री का पदभार भी उन्होंने संभाला। समाजवादी पार्टी के संस्थापक रहे। उनका लंबा राजनीतिक जीवन था। एक ऐसे नेता थे जो जमीन से जुड़े हुए थे। आम जनता से जुड़कर वे राजनीति करते थे और कड़े फैसले लेने में उन्होंने कभी पीछे नहीं हटे। ऐसे राजनेता के जाने से भारतीय राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की ओर से उन्हें श्रद्धांजली दी। बाद में तय हुआ कि मुख्यमंत्री को मुलायम सिंह यादव की अन्त्येष्टि में जाना है। उसके बाद मुख्यमंत्री के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में बदलाव किया गया।