एयरटेल ने हरियाणा और ओडिशा में अपने रीचार्ज प्लान की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की है। न्यूज एजेंसी PTI की एक रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने यहां मिनिमम रिचार्ज की कीमत 57% बढ़ा दी है। अब मिनिमम रिचार्ज के लिए 99 रुपए की जगह 155 रुपए चुकाने होंगे। इसके अलावा नए प्लान में वैलिडिटी भी 28 दिन की जगह 24 दिन की मिलेगी।
99 रुपए के प्लान में 99 रुपए के टॉकटाइम के साथ 200MB डेटा मिलता था। इस प्लान में कॉल रेट 2.5 पैसे पर सेकेंड थी। टैरिफ में बढ़ोतरी के कारण की बात करें तो एयरटेल इसके जरिए अपने एवरेज रेवेन्यू पर यूजर (ARPU) को बढ़ाना चाहती है। एयरटेल का ARPU इस वित्त वर्ष के दूसरे क्वार्टर (FY23 Q2) में 190 रुपए था। वो इसे 300 रुपए तक पहुंचाना चाहती है।155 रुपए के प्लान में अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ 1GB डेटा, 300 SMS और 24 दिनों की वैलिडिटी मिल रही है। माना जा रहा है कि कंपनी 155 रुपए से नीचे के सभी प्लान बंद करने जा रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी ने इस प्लान का ट्रायल के तौर पर दो सर्किल में शुरू किया है और जल्द ही इसे दूसरे सर्किल में भी रोलआउट किया जाएगा।