छत्तीसगढ़ के यात्रियों को वंदेभारत ट्रेन की सुविधा मिलने वाली है। रेलवे बोर्ड ने इसके लिए हरी झंडी दे दी है। यह गाड़ी सप्ताह में छह दिन बिलासपुर से नागपुर के बीच चलेगी। इसकी अधिकारिक समय सारिणी तय नहीं की गई है। उम्मीद है कि ट्रेन 11 दिसंबर से पटरी पर दौड़ने लगेगी। इसकी अधिकतम स्पीड 160 किलोमीटर प्रति घंटे की है। फिलहाल इसे इस रूट पर 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर चलाकर देखा जा चुका है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन को एक वंदे भारत ट्रेन मिल गई है। इसके साथ रूट भी तय हो गया। बिलासपुर से नागपुर के बीच चलने वाली इस ट्रेन के परिचालन की तैयारी भी शुरू हो गई है। रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद जोन और मंडल के रेल अफसरों ने कोचिंग डिपो का निरीक्षण करना शुरू कर दिया है। परिचालन, मैकेनिकल, विद्युत, कमर्शियल विभाग के अधिकारी इसकी तैयारी में जुटे हैं।
