प्रदेश के खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग के अफसरों की पदोन्नति विवादों में घिर गई है। हाल ही में विभागीय स्तर पर हुई एक बैठक की वजह से मामले ने तूल पकड़ा है। सूत्रों के मुताबिक कुछ चहेतों को प्रमोशन देने के चक्कर में डिपार्टमेंट नियमों कीे अनदेखी कर रहा है। कई तथ्य विभाग के सचिव से भी छुपाए जाने की बात सामने आई है।
खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को प्रमोट किया जाना है। मगर ये प्रमोशन भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे अफसरों की वजह से विवाद हो चला है। किसी भी प्रमाेशन को तय करने के लिए हर विभाग की वरिष्ठता सूची जारी होती है। बिना इस सूची के मनमाने ढंग से प्रमोशन दिए जाने की कोशिश हो रही है।
दरअसल बीते 16 दिसंबर काे खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग की बैठक हुई। विभाग के अफसरों ने इस बैठक पर सवाल उठाया है। शिकायकर्ताओं ने जानकारी दी है कि जब पहले से ही वरिष्ठता सूची का मामला अदालत में है ऐसे में ये बैठक वैधानिक नहीं है। सूची को लेकर शिकायत करने वाले पक्ष को भी बैठक किए जाने की की कोई लिखित जानकारी नहीं दी गई।