छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में पहली बार CRPF का 84वां स्थापना दिवस कार्यक्रम सेलिब्रेट किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। 19 मार्च को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में वे शिरकत करेंगे। उनके आने की तैयारियां चल रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि वे यहां भाजपा के प्रदेश स्तर से लेकर बस्तर तक के दिग्गज नेताओं से मुलाकात कर बैठक लेंगे।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) अपना 84 वां स्थापना दिवस समारोह इस साल जगदलपुर के करणपुर में स्थित हेड क्वाटर में मना रही है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अमित शाह प्रदेश स्तर के भाजपा नेताओं की बैठक लेंगे। विधानसभा चुनाव में जीत के लिए रणनीतियां बनाएंगे। हालांकि, वे बस्तर में आम सभा को संबोधित करेंगे या नहीं यह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल उनके प्रवास को लेकर अब तक कोई ऑफिशियल शेड्यूल भी जारी नही हुआ है।