केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CRPF) ने 84वें स्थापना दिवस पर परेड का आयोजन छत्तीसगढ़ के बस्तर में करने का फैसला किया है। आजादी के 75वें महोत्सव में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 75 ‘महिला डेयरडेविल्स’ बाइक ड्राइव करती हुईं गुरुवार को दिल्ली के इंडिया गेट से जगदलपुर रवाना हुईं। विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने फ्लैग दिखाकर विमेन बाइकर्स को रवाना किया था।
महिला सशक्तिकरण का मैसेज देते हुए यह यात्रा कई राज्यों से होकर गुजरेगी। बाइक रैली 25 मार्च को जगदलपुर में समाप्त होगी। जहां समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वह जगदलपुर जिला मुख्यालय से आमसभा को भी संबोधित करेंगे। राज्य के सबसे दक्षिणी क्षेत्र में स्थित बस्तर जिला, सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर जैसे जिलों से घिरा हुआ है, जहां सीआरपीएफ के नेतृत्व में सुरक्षाबलों की ओर से बड़े नक्सली हमले और जवाबी कार्रवाई की गई हैं।