मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी चेतावनी में कहा है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई स्थानों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। जानकारी के मुताबिक ओडिशा तट पर एक निम्न दाब का क्षेत्र है और वहां चक्रवाती सिस्टम भी है। इसके असर से राज्य में आज से मानसूनी गतिविधियां शुरू होंगी। जशपुर और रायगढ़ जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मानसून के थमने के बाद प्रदेश में फिर से गर्मी बढ़ गई थी। मंगलवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री से अधिक था। यहां 40 फीसदी बादल थे। वहीं आज सुबह से बादल छाए हुए हैं। हल्की धूप से उमस भरी गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान बढ़ने के साथ नमी घटी है और उमस बढ़ गई है। फिलहाल आज से मौसम में बदलाव के आसार है।