देश के कई राज्यों में बीते कई दिनों से लगातार जोरदार बारिश हो रही है। वहीं कई जगहों पर बाढ़ जैसे मंजर हो गए हैं। ओडिशा में बीते कई दिनों से लगातार बारिश के बीच भूस्खलन की घटना सामने आई, जिसके बाद बाद ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं।एक ऑफिशियल स्टेटमेंट में कहा गया कि रविवार को कोरापुट और रायगड़ा स्टेशनों के बीच भूस्खलन के बाद कीचड़ और बड़े बड़े रेलवे ट्रैक पर आ गए हैं, जिसकी वजह से ट्रेन सेवाएं काफी प्रभावित हुई हैं। जिसकी वजह से राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-जगदलपुर हीराखंड एक्सप्रेस और विशाखापत्तनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस को कोरापुट में शॉर्ट टर्मिनेट किया गया। बता दें कि मौसम विभाग ने सोमवार को ओडिशा में गरज-तड़क के साथ हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है। इसके अलावा तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है।मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में बिहार, झारखंड, उपहिमालयी, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, दक्षिण गुजरात, और महाराष्ट्र में भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं देश में बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश बिहार और उपहिमालयी पश्चिम बंगाल में दर्ज की गई है। IMD के मुताबिक बिहार के बसुआ में 29 सेंटीमीटर और पश्चिम बंगाल के गंगारामपुर में 19 सेंटीमीटर वर्षा हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि बारिश के दौरान घर से बाहर नहीं निकलें और कच्चे, जलजमाव वाले इलाके में जानें से बचें।