हाल ही में कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी देखने को मिली है। जिसके बाद मौसम ने अचानक करवट बदली है। इन जगहों पर हुई बर्फबारी के बाद देश के अन्य इलाकों पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। अब रातों में ठंड का अहसास होने लगा है। हालांकि हर साल 1 अक्टूबर के बाद हल्की फुल्की ठंड पड़ने लगती थी, लेकिन इस बार ये सिलसिला 15 अक्टूबर के बाद शुरू हुआ है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, ये परिवर्तन स्थाई रूप से नहीं है, स्थाई रूप से ठंड का अहसास 30 अकटूबर के बाद से शुरू होगा। IMD ने बताया कि श्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में एक्टिव होने की वजह से मौसम में परिवर्तन देखने को मिल रहा है।उत्तराखंड के बाद मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में बारिश देखने को मिली, जिसके बाद मौसम में अचानक परिवर्तन आया है। राजधाानी में बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है और मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की आशंका है। हालांकि इस दौरान तापमान में भारी गिरावट नहीं देखने को मिलेगी। IMD की मानें तो, दिल्ली में मंगलवार को पांच मिलीमीटर बारिश हुई।देश में बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश केरल, जम्मू- कश्मीर, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में दर्ज की गई है। चेम्बरी (केरल) में 11 सेंटीमीटर, भद्रवाह (जम्मू और कश्मीर) में 9 सेंटीमीटर,बांध (तमिलनाडु) में 8 सेंटीमीटर,डलहौसी (हिमाचल प्रदेश) में 8 सेंटीमीटर और सांकड़ा (राजस्थान) में 10 सेंटीमीटर वर्षा हुई है।