उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक इंटर्नशिप योजना शुरू की है। इसके तहत शोध कर रहे लाखों छात्र-छात्राओं को बड़ा फायदा होने वाला है। सीएम योगी ने यह जानकारी सुशासन दिवस 2024 के तहत लोगों को संबोधित करते हुए दी है। सीएम ने बताया कि इस योजना के तहत तकनीकी शिक्षा या किसी उच्च शिक्षण संस्थान में अंतिम साल के शोध छात्रों को किसी अन्य संस्थान या उद्योग के साथ काम यानी इंटर्नशिप करने पर आधा वेतन सरकार से और आधा वेतन आधा संबंधित उद्योग की ओर से दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अध्ययन के अंतिम साल के दौरान ही छात्र को रोजगार देकर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। हम इस दिशा में काम कर रहे हैं।सुशासन दिवस 2024 कार्यक्रम में संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि एमएसएमई क्लस्टर एक अच्छे औद्योगिक निवेश के लिए आधार प्रदान करते हैं। यूपी इस मामले में भाग्यशाली था, लेकिन ये एमएसएमई क्लस्टर दशकों से उपेक्षित पड़े थे। उनके पास न तो तकनीक थी, न बाजार, न पैकेजिंग सुविधा, वे बर्बाद होने की कगार पर थे। एमएसएमई यानी सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम को बढ़ावा देने के लिए हमने साल 2018 में एक जिला एक उत्पाद (ODOP) योजना शुरू की। इसके तहत आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में ओडीओपी योजना के तहत एक अद्वितीय उत्पाद है। ओडीओपी के माध्यम से हमने 96 लाख एमएसएमई को पुनर्जीवित किया है।