लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर की अपनी एक दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को यहां पहुंचे। यहां उन्होंने राज्य को 32 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की और 1,748 युवकों को नियुक्ति पत्र सौंपे।प्रधानमंत्री विशेष विमान से सुबह करीब 11.40 बजे जम्मू हवाई अड्डे पर पहुँचे। यहां सूबे के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्य सचिव अटल डुल्लू, पुलिस महानिदेशक आर.आर. स्वैन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। वहां से पीएम का काफिला शहर के मौलाना आजाद स्टेडियम पहुंचा, जहां उन्होंने शिक्षा, रेलवे, विमानन और सड़क क्षेत्रों के लिए कई विकास परियोजनाएं शुरू कीं। इसके बाद एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए धारा 370 से लेकर परिवारवाद पर जमकर हमला बोला।
जम्मू-कश्मीर में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने घाटी पर आधारित फिल्म आर्टिकल 370 का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि कश्मीर में सबसे बड़ी दिक्कत आर्टिकल 370 की थी। भाजपा की सरकार ने इसे हटाकर नई इबारत लिखी है। अब जल्द ही 370 पर फिल्म आ रही है। अच्छा है, लोगों को इससे सही जानकारी मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे आर्टिकल 370 का जिक्र करते हुए कहा, “यह 370 की ताकत देखिए, 370 जाने के कारण आज मैंने हिम्मत के साथ देशवासियों को कहा है कि अगले चुनाव में भाजपा को 370 दीजिए और एनडीए को 400 पार कर दीजिए। अब प्रदेश का कोई भी इलाका पीछे नहीं रहेगा, सब मिलकर आगे बढ़ेंगे, यहां जो लोग दशकों तक अभाव में जी रहे थे, उन्हें भी आज सरकार के होने का एहसास हुआ है।”