बीआरएस नेता के. कविता को कोर्ट से राहत नहीं मिली है। दिल्ली की एक अदालत ने कथित शराब नीति घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शनिवार को कविता की ईडी हिरासत 26 मार्च तक बढ़ा दी। कविता को राउज एवेन्यू कोर्ट के विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा के सामने पेश किया गया था। जज ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आदेश सुनाया। जांच एजेंसी ने कविता की पांच दिन की रिमांड मांगी, जबकि कविता के वकील एडवोकेट नितेश राणा ने दलील दी कि जमानत याचिका दायर की गई है। अदालत ने पहले कविता को 16 मार्च को सात दिन की ईडी रिमांड पर भेजा था। हिरासत शनिवार को समाप्त हो गई। जिसके बाद उन्हें आज अदालत में पेश किया गया।