देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून जमकर बरस रहा है। मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 15% ज्यादा बारिश हो चुकी है। मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से बालाघाट, मंडला, सिवनी, इटारसी और कटनी समेत कई जिलों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। छत्तीसगढ़ में पिछले 3 दिनों से जोरदार बारिश हो रही है। बिलासपुर में कई इलाके डूबे हैं। इधर, राजस्थान के 20 से ज्यादा जिलों बारिश जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना के कुछ हिस्से, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं. बिहार , कोकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बौछारें संभव हैं. वहीं, पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र , केरल, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह तथा लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हल्की बारिश की संभावना है ।