विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में भारत की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। रविवार को विशाखापट्टनम में हुए मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने मेजबान भारत को 3 विकेट से हराकर उसे लगातार दूसरी शिकस्त दी। साउथ अफ्रीका से हारने के बाद यह इंडिया विमेंस की दूसरी हार है।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 330 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। स्मृति मंधाना (80 रन) और प्रतिका रावल (75 रन) ने शानदार पारियां खेलीं। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान एलिसा हीली (142 रन) की मैच जिताऊ पारी और एलिस पेरी के अंत में बनाए गए 47 रनों की बदौलत 49 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य पा लिया। एनाबेल सदरलैंड ने 40 रन देकर 5 विकेट झटके। भारत के लिए श्री चरणी ने 3 और दीप्ति शर्मा तथा अमनजोत कौर ने 2-2 विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ विमेंस वनडे इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज करने का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका (2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 305 रन) के नाम था। यह भारतीय टीम के खिलाफ भी सबसे बड़ा सफल रन चेज है।