जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को नियंत्रण रेखा (LoC) के पास हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को मार गिराया गया। भारतीय सेना को शुक्रवार को सीमा पार से घुसपैठ की खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया था।
भारतीय सेना की चिनार कॉर्प्स यूनिट के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। जवानों की जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकी मारे गए। इस ऑपरेशन को सेना ने ‘ऑपरेशन पिंपल’ नाम दिया है और यह अभी भी जारी है। फिलहाल मारे गए आतंकियों की पहचान और उनके संगठन के संबंध में जानकारी नहीं मिल पाई है।
जेलों में पुलिस का छापा
इसी बीच, जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) ने घाटी की कई जेलों में एक साथ छापा मारा। यह कार्रवाई कुपवाड़ा में मुठभेड़ के दौरान की गई। अधिकारियों ने इसे आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और जेल सुविधाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए एक नियमित जांच बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तलाशी में कुछ भी अवैध पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- पिछला घटनाक्रम: इससे पहले 5 नवंबर को किश्तवाड़ जिले के छत्रू इलाके में हुई एक मुठभेड़ में आतंकियों की गोलीबारी से एक जवान घायल हो गया था।