जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में स्थित नौगाम पुलिस स्टेशन में शुक्रवार रात लगभग 11:22 बजे एक बड़ा विस्फोट हुआ, जिसके परिणामस्वरूप 9 लोगों की मौत हो गई और 32 लोग घायल हुए। घायलों का इलाज 92 आर्मी बेस और SKIMS सौरा हॉस्पिटल में चल रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, यह ब्लास्ट उस समय हुआ जब पुलिस एक ‘व्हाइट कॉलर आतंकी मॉड्यूल’ मामले से जब्त किए गए विस्फोटक के नमूने ले रही थी। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि क्या पुलिस स्टेशन में 360 किलो विस्फोटक का पूरा जखीरा था या उसका कुछ हिस्सा।
जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात ने इसे एक हादसा बताया जो सैंपलिंग के दौरान हुआ। मरने वालों में एक इंस्पेक्टर, तीन फॉरेंसिक टीम के सदस्य, दो क्राइम ब्रांच के फोटोग्राफर, दो राजस्व अधिकारी और एक दर्जी शामिल हैं।
यह विस्फोटक हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किए गए डॉ. मुजम्मिल गनई के किराए के घर से जब्त किया गया था। गनई को पहले ही दिल्ली ब्लास्ट केस में गिरफ्तार किया जा चुका है। 10 नवंबर को दिल्ली में लाल किला के पास हुए कार ब्लास्ट में 13 लोगों की मौत हुई थी।