राज्य निर्वाचन आयोग ने छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के पहले चरण के बाद आज ‘ड्राफ्ट वोटर लिस्ट’ जारी कर दी है। इस शुद्धिकरण प्रक्रिया के दौरान कुल 27,34,817 मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। आयोग के अनुसार, हटाए गए नामों में 6,42,234 मृत मतदाता, 19,13,540 शिफ्टेड या अनुपस्थित मतदाता और 1,79,043 डुप्लिकेट मतदाता शामिल हैं। पुनरीक्षण के दौरान कुल 1,84,95,920 एनरोलमेंट फॉर्म एकत्र किए गए।
आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों की संख्या में भी इजाफा किया है। रायपुर में केंद्रों की संख्या 1923 से बढ़कर 2484 हो गई है, जिसमें 561 नए केंद्र जोड़े गए हैं। मतदाता अपना नाम आयोग की वेबसाइट (https://election.cg.gov.in/ASDList/) पर ऑनलाइन या बीएलओ के पास ऑफलाइन देख सकते हैं। यदि सूची में कोई सुधार या आपत्ति है, तो 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावे पेश किए जा सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को होगा।