मध्यप्रदेश में मौसम के मिजाज तल्ख बने हुए हैं। समूचा प्रदेश भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। राजधानी भोपाल और उज्जैन समेत कई जिलों में विजिबिलिटी (दृश्यता) के काफी कम होने से यातायात और जनजीवन प्रभावित हुआ है।
ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए हैं। भोपाल में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। वहीं, ग्वालियर, रतलाम, उज्जैन, नीमच, मंदसौर और शाजापुर जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। विशेष रूप से ग्वालियर में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर 5 और 6 जनवरी को कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों (सरकारी और प्राइवेट) को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।