मालदा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर तीखा हमला बोला। पीएम ने कहा कि बंगाल के सामने ‘घुसपैठ’ सबसे बड़ी चुनौती है, जिससे राज्य का जनसांख्यिकीय संतुलन बिगड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी घुसपैठियों को अपना वोटर बना रही है और गरीबों का हक छीन रही है। पीएम ने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनते ही घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संबोधन के दौरान पीएम ने टीएमसी को ‘पत्थर दिल’ और ‘निर्मम’ सरकार करार दिया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी लाभकारी योजना को बंगाल में लागू न होने देना राज्य के गरीबों के साथ अन्याय है। पीएम ने बिहार में एनडीए की जीत और मुंबई नगर निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि अब बंगाल में भी विकास की गंगा बहेगी। उन्होंने एक महिला पत्रकार के साथ हुई अभद्रता का मुद्दा उठाते हुए महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए।