नई दिल्ली: केंद्रीय बजट के अगले ही दिन भारतीय सर्राफा बाजार में हलचल तेज है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, आज 2 फरवरी को चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। एक किलो चांदी 6,251 रुपए सस्ती होकर 2,59,500 रुपए पर आ गई है। गौरतलब है कि पिछले 3 कारोबारी दिनों में चांदी की चमक फीकी पड़ी है और इसकी कीमत में कुल 1.20 लाख रुपए की बड़ी कमी आई है।
दूसरी ओर, सोने की कीमतों में मामूली रिकवरी देखी गई। 24 कैरेट सोने का भाव 49 रुपए की बढ़त के साथ 1,48,746 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। विशेषज्ञों का मानना है कि हालिया रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद निवेशकों द्वारा की गई ‘प्रॉफिट बुकिंग’ और भौतिक मांग (Physical Demand) में कमी के चलते कीमतों पर यह दबाव दिख रहा है।