मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को धार्मिक नगरी उज्जैन के दशहरा मैदान में प्रदेश के पहले ‘श्री महाकाल वन मेले’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि केंद्र सरकार के बजट-2026 में घोषित तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों (AIIMS की तर्ज पर) में से एक को उज्जैन में स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने वनों को ‘धरा का अलंकरण’ बताते हुए कहा कि आयुर्वेद से असाध्य रोगों का उपचार संभव है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है, जिसके तहत पिछले वर्ष 8 नए आयुर्वेदिक कॉलेज शुरू किए गए हैं। इस मेले में 150 से अधिक नाड़ी वैद्य और विशेषज्ञ नि:शुल्क परामर्श देंगे। मुख्यमंत्री ने पन्ना के वनरक्षक जगदीश प्रसाद अहिरवार को भी सम्मानित किया, जिनकी प्रशंसा प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में की थी। यह मेला 16 फरवरी तक चलेगा, जिसमें 250 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं।