सुपर-8 में भारत की धमाकेदार एंट्री: टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को 61 रनों से हराया , रनों के लिहाज से दर्ज की सबसे बड़ी जीत

सुपर-8 में भारत की धमाकेदार एंट्री: टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को 61 रनों से हराया , रनों के लिहाज से दर्ज की सबसे बड़ी जीत

कोलंबो: भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के महामुकाबले में पाकिस्तान को 61 रनों के भारी अंतर से हराकर इतिहास रच दिया है। रनों के मामले में यह वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान पर भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ ही भारत ने लगातार तीन मैच जीतकर ग्रुप-A की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लिया है।

मैच का लेखा-जोखा: कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। कप्तान सलमान आगा ने पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा (0) को पवेलियन भेज दिया। मात्र 1 रन पर पहला विकेट गिरने के बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभाला। किशन ने 40 गेंदों पर 77 रनों (10 चौके, 3 छक्के) की तूफानी पारी खेली और तिलक वर्मा के साथ 87 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला। सूर्यकुमार यादव (32), शिवम दुबे (27) और रिंकू सिंह (11) के योगदान से भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए।

स्तब्ध रह गया पाकिस्तान: 176 रनों का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम भारतीय गेंदबाजों के आगे ताश के पत्तों की तरह ढह गई। हार्दिक पंड्या ने पहले ही ओवर में साहिबजादा फरहान (0) को आउट कर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने दूसरे ही ओवर में सईम अयूब और कप्तान सलमान आगा को आउट कर पाकिस्तान की वापसी की उम्मीदें खत्म कर दीं। पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रनों पर सिमट गई। भारत की ओर से बुमराह, अक्षर, वरुण और हार्दिक ने 2-2 विकेट लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *