हरदा: जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र में 16 फरवरी की रात एक बड़ा हादसा होने से बच गया। टिमरनी रोड स्थित गिरिराज वेयर हाउस के पास खड़े भूसे से भरे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। रात करीब 2:18 बजे इसकी सूचना भोपाल स्थित डायल-112 राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम को मिली, जिसके बाद तत्काल मौके पर एफआरव्ही (FRV) वाहन रवाना किया गया।
मौके पर पहुँचे आरक्षक संदीप कुजूर और पायलट मोहित ने देखा कि भूसे के कारण आग तेजी से फैल रही थी। जवानों ने बिना वक्त गंवाए वाहन में मौजूद अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher) का इस्तेमाल किया और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। इस साहसिक कार्य के दौरान आरक्षक संदीप कुजूर का पैर आग की लपटों से झुलस गया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और आग बुझने तक डटे रहे। उनकी इस तत्परता ने एक विनाशकारी दुर्घटना को टाल दिया।