भोपाल: मध्यप्रदेश पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध एक बड़ा अभियान चलाते हुए पिछले 5 दिनों में राज्य के विभिन्न जिलों से लूट, चोरी और ठगी के दर्जनों मामलों का खुलासा किया है। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से की गई इन कार्रवाइयों में कुल 61 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।
राजधानी भोपाल के टीटी नगर में पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर एक सूने मकान में हुई चोरी का पर्दाफाश कर शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार किया, जिनसे 5.50 लाख के जेवर और नकदी बरामद हुई। वहीं, अनूपपुर में तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को डराने और ठगने वाले एक बड़े गिरोह को दबोचा गया है, जिनसे 11 लाख रुपये का मशरूका जब्त हुआ है। पुलिस की इस सक्रियता ने अपराधियों के बीच खौफ और आम जनता में सुरक्षा का भाव सुदृढ़ किया है।