खजुराहो/भोपाल: मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में शुक्रवार से 52वें ‘अंतर्राष्ट्रीय खजुराहो नृत्य समारोह’ का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि खजुराहो एक ऐसा पावन स्थान है जहाँ पत्थरों में भी प्राण बसते हैं। उन्होंने खजुराहो को शौर्य और कला का अद्भुत संगम बताते हुए कंदरिया महादेव, चतुर्भुज और वामन मंदिर जैसे देवालयों की महत्ता पर प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर मध्य प्रदेश सरकार आदि और सनातन संस्कृति को जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस वर्ष के समारोह को भगवान नटराज को समर्पित करने के लिए संस्कृति विभाग की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी और सांसद वी.डी. शर्मा ने संस्कृति और इतिहास पर आधारित चार महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन किया। उद्घाटन अवसर पर सुश्री मैत्रेयी पहाड़ी के दल द्वारा ‘प्रतिष्ठा’ नृत्य नाटिका, अनुराधा वेंकटरमन द्वारा भरतनाट्यम और शुभदा वरडाकर द्वारा ओडिसी नृत्य की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुतियाँ दी गईं।