भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर पब्लिक स्कूल के रजत जयंती उत्सव में विद्यार्थियों को भविष्य के प्रति एक नया दृष्टिकोण प्रदान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए यह आवश्यक है कि विद्यार्थी केवल करियर तक सीमित न रहें, बल्कि जीवन में ‘श्रेष्ठ’ का अनुसरण करने की प्रवृत्ति विकसित करें। मुख्यमंत्री ने छात्रों को प्रेरित किया कि वे ऐसे प्रकल्पों से जुड़ें जिससे वे दूसरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा कर सकें।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उसे संस्कृति और सेवाभाव से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने सागर समूह की 25 वर्षों की यात्रा की प्रशंसा की और समूह के विस्तार के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की शुरुआत में सागर समूह के प्रमुख सुधीर अग्रवाल, सिद्धार्थ और सागर ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में स्कूल की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने प्रदेश के उज्जवल भविष्य का संकेत बताया।