नई दिल्ली/भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली के भारत मंडपम् में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-2026’ के समापन सत्र में मध्यप्रदेश के भविष्य का तकनीकी रोडमैप प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मध्यप्रदेश जल्द ही अपना ‘स्टेट एआई मिशन’ लॉन्च करेगा, जो शासन प्रणाली, सार्वजनिक सेवाओं और आर्थिक अवसरों को पूरी तरह तकनीक आधारित बनाएगा। उन्होंने एआई को “नये जमाने की नई वैज्ञानिक विधा” बताते हुए कहा कि यह तकनीक तभी सार्थक है जब यह मानवता के हित में हो।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मध्यप्रदेश में एआई का एक संपूर्ण ‘ईको सिस्टम’ तैयार किया जा रहा है, जिसमें कंप्यूटर इंफ्रास्ट्रक्चर, टैलेंट डेवलपमेंट, स्टार्टअप सपोर्ट, इंडस्ट्री उपयोग और रिसर्च-इनोवेशन जैसे पाँच मुख्य स्तंभ होंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश न केवल एआई का उपयोग करेगा, बल्कि एआई बनाने की क्षमता भी विकसित करेगा। इसके लिए भोपाल और इंदौर में ‘एआई फोकस्ड एक्सेलरेटर’ शुरू किए जाएंगे और टेक्सटाइल, फार्मा व माइनिंग जैसे क्षेत्रों में एआई के माध्यम से उत्पादन क्षमता में 15 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है।